हरिद्वार हर्षिता। जनपद हरिद्वार में प्रचलित शारदीय कांवड़ मेला एवं आगामी शिवरात्रि पर्व को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से पूरे जिले में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जनपद के प्रमुख मार्गों, कांवड़ यात्रा पथ, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, होटल-धर्मशालाओं तथा संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस द्वारा लगातार जांच की जा रही है। अभियान के तहत संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और सामान की गहन तलाशी ली जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।
पुलिस टीमों द्वारा बैरियर लगाकर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की जांच के साथ-साथ ड्राइविंग दस्तावेज, पहचान पत्र और वाहनों में ले जाए जा रहे सामान का सत्यापन किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त एंटी-सबोटाज चेक, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्तों को भी सतर्क रखा गया है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ मेला और शिवरात्रि पर्व को सकुशल, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए खुफिया तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पालन करें, संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि धार्मिक आस्था के इस महापर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सके।

By DTI