श्यामपुर, हर्षिता।हरिद्वार-नजीबाबाद मार्ग स्थित एक होटल में लालढांग मेडिकल एसोसिएशन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें दवाओं के सुरक्षित भंडारण, सरकारी नियमों के कड़ाई से पालन और समाज को नशा मुक्त बनाने के संकल्प पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में चिकित्सा क्षेत्र की जिम्मेदारियों और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती ने मेडिकल संचालकों को नारकोटिक एवं नशीले पदार्थों से संबंधित दवाओं के सुरक्षित भंडारण के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्टॉक रजिस्टर नियमित रूप से अपडेट होना चाहिए और अभिलेखों के संधारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
श्यामपुर कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोज रावत ने नशा मुक्ति अभियान में मेडिकल संचालकों से सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि मेडिकल स्टोर संचालक युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं और समाज में जागरूकता फैलाने का माध्यम बन सकते हैं।
एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज कुमार ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए सभी सदस्यों से चिकित्सा क्षेत्र की गरिमा बनाए रखने और नशे के दुरुपयोग के खिलाफ सख्ती से काम करने का आह्वान किया।
बैठक में डॉ. बी.के. विश्वास, गौतम सिंह, अमरनाथ, सत्यम सैनी, गगन कर्णवाल, मनीष, श्रीकांत, गौरव, अरमान अंसारी सहित क्षेत्र के अनेक मेडिकल संचालक मौजूद रहे।
नशा मुक्त समाज के संकल्प के साथ बैठक का समापन हुआ
