रुड़की: हरिद्वार जिले की मंगलौर कोतवाली पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा कर दिया है. पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. बताया रहा है कि आरोपी ने शराब की लत पूरी करने के लिए पहले उससे दोस्ती की, फिर गंगनहर किनारे जाकर एक बाग में दोनों ने शराब पी. जिसके बाद आरोपी ने पैसों के लालच में आकर उसकी हत्या कर दी. बहरहाल, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है.

गंगनहर पटरी मार्ग के पास मिली थी डेड बॉडी: बता दें कि बीती 17 फरवरी यानी मंगलवार की शाम मंगलौर कोतवाली पुलिस को एक सूचना मिली थी कि पुराने पीर के पास गंगनहर पटरी मार्ग के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है. इस सूचना पर तत्काल मंगलौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. जहां शव की शिनाख्त के प्रयास किए तो सिर पर गहरे घाव और पत्थर से कुचले जाने की चोट के निशान दिखाई दिए.

इसके साथ ही शव से कुछ ही दूरी पर एक बाइक भी बरामद हुई. जहां शव की पहचान मंगलौर के घोसीपुरा निवासी प्रदीप पुत्र हरपाल (उम्र 45 वर्ष) के रूप में हुई. जिसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया. मामले में मृतक के चचेरे भाई की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया और मामले की जांच पड़ताल शुरू की.

उधर, हत्या के इस गंभीर मामले का संज्ञान लेते हुए हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई. जिसके बाद कोतवाली मंगलौर और सीआईयू रुड़की की संयुक्त टीम ने मिलकर इस प्रकरण के सबूत जुटाकर हत्यारोपी की तलाश शुरू की गई. साथ ही फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड ने घटनास्थल के आसपास से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए.

वहीं, घटनास्थल के आसपास संदिग्ध आवाजाही टटोलने पर पुलिस टीम को घटना वाले दिन की सुबह प्रदीप (मृतक) और एक अन्य अज्ञात बाइक से घटनास्थल की ओर जाते हुए दिखाई दिए. जिसके बाद पुलिस टीम मैनुअली अज्ञात शख्स की तलाश करते हुए देवबंद तिराहे के पास पहुंची और पुलिस टीम ने संदिग्ध हुलिए से मिलते जुलते एक शख्स को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया.

हालांकि, पुलिस का दांव उस समय सफल हुआ, जब हिरासत में लिए गए विनायक त्यागी पुत्र विजेंद्र त्यागी (उम्र 26 वर्ष) निवासी बरला, मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) हाल पता सराय, ज्वालापुर (हरिद्वार) ने हत्या की वारदात कबूला. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वो सराय स्थित किराए के मकान में रहता है. 17 फरवरी को अपने घर छपार (यूपी) जाने के लिए रुड़की में बस का इंतजार करने लगा.

शराब के ठेके पर हुई मुलाकात: इसी दौरान उसका शराब पीने का मन हुआ तो वो बस अड्डे के पास ही देशी शराब के ठेके पर चला गया. इस दौरान प्रदीप भी शराब लेने के लिए ठेके पर पहुंचा, लेकिन ठेका बंद होने और मौके पर हुई जान पहचान के बाद दोनों दीपक की बाइक से रामपुर चुंगी स्थित शराब के ठेके पर पहुंचे. जहां से शराब खरीदी, फिर दोनों गंगनहर पटरी से मंगलौर की तरफ पीर के पास बाग में गए और शराब पीने लगे.

पैसे की तंगी और लालच में आकर की हत्या: बातचीत के दौरान जब हत्यारोपी विनायक को पता चला कि प्रदीप के पास पैसे रखे हुए हैं तो वो लालच में आ गया. पैसे की तंगी और लालच में आकर उसने नशे में धुत प्रदीप को पहले गला दबाकर नीचे गिराया और फिर पास में रखे पत्थर से सिर पर वार कर प्रदीप की हत्या कर दी, जिसके बाद आरोपी उसकी जेब से 20 हजार रुपए लेकर फरार हो गया. बताया जा रहा है कि आरोपी मिस्टर उत्तराखंड 2019 भी रह चुका है.

गिरफ्तार आरोपी साल 2019 में ‘मिस्टर उत्तराखंड’ भी रह चुका है. जो बाद में नशे का आदी हो गया. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर छिपाए गए खून से सने कपडे़ (हत्या के दौरान पहनी हुई जैकेट) और लूटी गई धनराशी 20 हजार रुपए भी बरामद कर लिए हैं. अब उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है, जहां से उसे जेल भेजा जाएगा.”- नवनीत सिंह भुल्लर, एसएसपी हरिद्वार

By DTI