देहरादून/रुद्रपुर/हरिद्वार हर्षिता।: ईरान इजरायल के बीच चल रहे तनाव के बीच भारत में गैस सिलेंडर की किल्लत की खबरें सामने आ रही है. हालांकि, सरकार, जिला पूर्ति अधिकारी और गैस एजेंसियों का कहना है कि पर्याप्त मात्रा में स्टॉक है, लोग पैनिक ना करें. वहीं, इस बीच खबर यह भी आ रही है कि कई लोग गैस सिलेंडर की कालाबाजारी कर रहे हैं. ऐसे लोगों को दून पुलिस ने सख्त चेतावनी दी है.

देहरादून पुलिस का कहना है कि गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर सोशल मीडिया या फिर माध्यम से जनता के बीच भ्रामक खबरें फैलाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया जाएगा. साथ ही अगर कोई भी अवैध रिफलिंग, गैस सिलेंडर की कालाबाजारी करते हुए नजर आया तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करके सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.

बता दें कि उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है. साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कालाबाजारी करने और अफवाह पर कड़ी नजर रखे जाएं. किसी भी स्थिति में कानून व्यवस्था को प्रभावित न होने दिया जाए.

वहीं, होटल और रेस्टोरेंट में कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति बाधित होने से घरेलू गैस की कालाबाजारी शुरू हो गई है. कालाबाजारी को रोकने के लिए जिला पूर्ति विभाग की टीम अलग-अलग व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में छापेमारी कर रही है.

By DTI