हरिद्वार, 16 मार्च 2026। हर्षिता। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को हरिद्वार के कनखल स्थित जगतगुरु आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनसे आशीर्वाद प्राप्त कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।
मुख्यमंत्री धामी ने आश्रम में पहुंचकर संत समाज का आशीर्वाद लिया और धार्मिक एवं आध्यात्मिक विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और यहां संतों एवं धार्मिक गुरुओं का मार्गदर्शन राज्य के विकास और समाज के कल्याण के लिए हमेशा प्रेरणादायी रहा है।
इस अवसर पर आश्रम के संत-महात्मा और श्रद्धालु भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सभी से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और प्रदेश के विकास के लिए सहयोग का आह्वान किया।
