देहरादून: हरिद्वार, हर्षिता।उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र ने 23 मार्च तक का मौसम का पूर्वानुमान जारी कर दिया है. इस पूर्वानुमान के अनुसार आज 18 मार्च को कई जिलों में बारिश के साथ बादल गरजने, तूफान और बिजली चमकने का अलर्ट है. वहीं कल यानी 19 और परसों यानी 20 मार्च को कई पहाड़ी जिलों में ऑरेंज अलर्ट तो कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है.
आज मौसम का येलो अलर्ट: मौसम विभाग के अनुसार आज 18 मार्च को राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. इस दौरान बिजली चमकेगी और तूफान भी आएगा. 3300 मीटर और उससे ऊंचे स्थानों पर बर्फबारी का अनुमान भी लगाया गया है. मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है


19 मार्च को येलो और ऑरेंज अलर्ट: मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार कल यानी 19 मार्च को राज्य के पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी. 3300 मीटर से ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी भी होगी. मौसम विभाग ने हरिद्वार, उधम सिंह नगर, देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल और चंपावत जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. अनुमान है कि इन जिलों में बारिश होगी. वहीं सभी पर्वतीय जिलों में बारिश के साथ 3300 मीटर और उससे ऊंचे स्थानों पर बर्फ गिरेगी. इन स्थानों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
20 मार्च को भी बारिश: 20 मार्च के मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के सभी पर्वतीय जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी. इस दिन भी 3300 मीटर और उससे ज्यादा ऊंचे स्थानों पर बर्फ गिरेगी. सभी मैदानी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी. इस दौरान बादलों की गर्जना और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं.
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट: 20 मार्च के लिए मौसम विभाग ने बागेश्वर, पिथौरागढ़, हरिद्वार, उधम सिंह नगर, देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, अल्मोड़ा, नैनीताल और चंपावत जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट है.
21 मार्च को भी होगी बारिश: मौसम विभाग के अनुसार 21 मार्च को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं गर्जना के साथ बिजली चमकेगी और बारिश होगी. मैदानी जिलों में भी बहुत हल्की से हल्की बारिश होगी.
22 मार्च को इन जिलों में बारिश: 22 मार्च को राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी. इस दौरान बिजली चमकेगी तो बादल भी जोर से गरजेंगे. 3300 मीटर या उससे ऊंचे स्थानों पर बर्फबारी होगी. राज्य के बाकी जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होगी.
23 मार्च को पहाड़ में बारिश, मैदान में शुष्क मौसम: 23 मार्च के मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के सभी पहाड़ी जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होगी तो ऊंचाई वाले इलाकों में स्नोफॉल होगा. मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा
