:Divya Times India.ईरान युद्ध का असर अब भारत पर भी दिखने लगा है। एलपीजी के बाद अब देश में पेट्रोल की कीमत में भी बढ़ोतरी हो गई है। सरकारी पेट्रोलियम कंपनियों ने प्रीमियम पेट्रोल की कीमत में 2.35 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है। यह बढ़ोतरी आज से लागू हो गई है। बीपीसीएल ने स्पीड, एचपीसीएल ने पावर और आईओसीएल ने एक्सपी95 में 2.09 रुपये से लेकर 2.35 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है। हालांकि फिलहाल रेगुलर पेट्रोल की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
इस बीच इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) ने इंडस्ट्रियल डीजल के दाम में 22 रुपये की बढ़ोतरी की है। इसे ₹87.67 प्रति लीटर से बढ़ाकर ₹109.59 प्रति लीटर कर दिया है। माना जा रहा है कि इस बढ़ोतरी से औद्योगिक सेक्टर, लॉजिस्टिक्स और ट्रांसपोर्ट कॉस्ट पर असर पड़ सकता है। इससे महंगाई बढ़ने की आशंका है।


कच्चे तेल की कीमत
ईरान और अमेरिका/इजरायल ने एकदूसरे के एनर्जी इन्फ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाया है। इससे कच्चे तेल की कीमत में तेजी आई है। गुरुवार को कच्चा तेल एक समय 116 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया था। हालांकि बाद में उसमें कुछ नरमी आई। आज ब्रेंट क्रूड 1.19 फीसदी तेजी के साथ 109.9 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है। ईरान युद्ध के कारण होर्मुज की खाड़ी से जहाजों की आवाजाही प्रभावित हुई है। इस कारण कच्चा तेल महंगा हुआ है। दुनिया का 20 फीसदी तेल और गैस इसी रास्ते से आता है।
