हरिद्वार | हर्षिता। धर्मनगरी हरिद्वार में नशे के खिलाफ जनजागरूकता का एक प्रभावी अभियान चलाया गया, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया।
“सफल प्रयास मिशन” और “नशे के खिलाफ लड़ाई” के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का आयोजन करण पंडित द्वारा किया गया। कार्यक्रम में हरिद्वार के सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और वरिष्ठ औषधि अधीक्षक अनीता भारती विशेष तौर पर शामिल रहे। यह अभियान महाराजा अग्रसेन घाट, प्रेम नगर आश्रम चौक और रानीपुर मोड़ जैसे प्रमुख स्थानों पर आयोजित हुआ, जहां बड़ी संख्या में युवाओं की उपस्थिति देखने को मिली।
अभियान के दौरान युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। सैकड़ों युवाओं ने नशा मुक्ति की शपथ लेकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लिया।
इस मौके पर सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि नशा समाज के लिए गंभीर समस्या बन चुका है और इसे खत्म करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे। वहीं अनीता भारती ने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहें और दूसरों को भी जागरूक करें।
कार्यक्रम में मौजूद युवाओं ने पूरे जोश के साथ नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प दोहराया। यह अभियान युवाओं में जागरूकता बढ़ाने और समाज को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
