हरिद्वार | हर्षिता। हरिद्वार। बैसाखी महोत्सव 2026 के अवसर पर आयोजित सद्भावना सम्मेलन में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आध्यात्मिकता, सेवा और मानव एकता का संदेश ग्रहण किया। सम्मेलन में आध्यात्मिक गुरु एवं उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज की प्रेरणादायी उपस्थिति मुख्य आकर्षण रही।
सतपाल महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में समाज को प्रेम, सद्भाव, सेवा और मानवीय मूल्यों की सबसे अधिक आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
बैसाखी महोत्सव के अंतर्गत आयोजित इस सद्भावना सम्मेलन में भजन, सत्संग और आध्यात्मिक प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा दी गई। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे अनुयायियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया.
कार्यक्रम का मुख्य संदेश था कि जाति, धर्म और क्षेत्र से ऊपर उठकर मानवता की भावना को मजबूत किया जाए तथा समाज में शांति, सौहार्द और सद्भाव का वातावरण बनाया जाए
