देहरादून/हरिद्वार, हर्षिता। उत्तराखंड के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने सोमवार को श्री केदारनाथ और श्री बद्रीनाथ धाम पहुंचकर देश, प्रदेश और मानवता के कल्याण के लिए विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं को लेकर अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।
मंदिर पहुंचने पर बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अधिकारियों ने उनका पारंपरिक स्वागत किया। सतपाल महाराज ने बाबा केदार और भगवान बद्री विशाल के चरणों में देश की समृद्धि, उत्तराखंड के विकास तथा विश्व में शांति और सद्भाव की कामना की।
मंदिर परिसर में चल रहे पुनर्निर्माण एवं विकास कार्यों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चारधामों का स्वरूप लगातार भव्य और दिव्य बन रहा है। इससे न केवल तीर्थयात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं बल्कि प्रदेश की पर्यटन अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिल रही है।
मीडिया से बातचीत में सतपाल महाराज ने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच रही है। राज्य सरकार यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि उनके संगठन मानव उत्थान सेवा समिति की ओर से चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए 10 करोड़ रुपये का दुर्घटना बीमा उपलब्ध कराया गया है। इसके लिए बीमा प्रीमियम की राशि मंदिर समिति के माध्यम से जमा कराई गई है।
इस बीमा योजना के तहत प्रत्येक धाम को 2.5 करोड़ रुपये का दुर्घटना बीमा कवरेज मिलेगा। मंदिर परिसर में भगदड़, प्राकृतिक आपदा अथवा आतंकवादी घटना जैसी दुर्भाग्यपूर्ण परिस्थितियों में प्रभावित श्रद्धालुओं को एक लाख रुपये तक की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
सतपाल महाराज ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे यात्रा पर निकलने से पहले स्वास्थ्य जांच अवश्य कराएं, आवश्यक दवाइयां और पहचान पत्र साथ रखें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ऑक्सीजन की कमी जैसी स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं, इसलिए सावधानी और जागरूकता बेहद जरूरी है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि देवभूमि उत्तराखंड की आध्यात्मिक ऊर्जा विश्वभर में सकारात्मक संदेश पहुंचा रही है और चारधाम यात्रा प्रदेश की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक ले जा रही है।

By DTI