हरिद्वार, हर्षिता।हरिद्वार में अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर भेल मजदूर कल्याण परिषद (इंटक) द्वारा सेक्टर-3 कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम और विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान सैकड़ों श्रमिकों ने शहीद मजदूरों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष मुकुलराज ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशवनी चौहान द्वारा किया गया। सभा को संबोधित करते हुए इंटक के राष्ट्रीय सचिव एवं महामंत्री राजबीर सिंह ने मजदूर आंदोलन के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए 8 घंटे कार्यदिवस को एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
उन्होंने 1886 के शिकागो आंदोलन का उल्लेख करते हुए मजदूर एकता की ताकत को रेखांकित किया और कहा कि एकजुट होकर ही मजदूर अपने अधिकारों की रक्षा कर सकते हैं।
उपाध्यक्ष प्रशांत दीप गुप्ता ने अपने संबोधन में निजीकरण, विनिवेश और बढ़ती संविदा प्रणाली को लेकर चिंता जताई तथा श्रमिकों से एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में गौरव ओझा, रविंद्र चौहान, राकेश चौहान, रजनीश कुमार, अमित चौहान, आशुतोष चौहान, संजय शर्मा, प्रदीप चौहान, कपिल राणा, इम्तियाज, मनोज यादव, संदीप चौहान, रितेश गौड़, रिशु चौहान, अंबरीश प्रजापति, सुनील चौहान, तेजवीर चौहान, अनंगपाल, अशोक शर्मा, सुबोध कुमार, जसविंदर सिंह, शेखर, विकास राजपूत, ललित सैनी, सुशील नेगी, रवि यादव, शानू शर्मा, मनोज धीमान, ओम कृष्ण निगम, कुर्बान अहमद, मंदीप सिंह सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
