हरिद्वार, हर्षिता।हरिद्वार में कुंभ 2027 की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने रफ्तार बढ़ा दी है। मेलाधिकारी सोनिका ने शहर के प्रमुख क्षेत्रों का पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं और प्रस्तावित कार्यों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश देते हुए साफ कहा कि कुंभ क्षेत्र में सौंदर्यीकरण के साथ सुगमता, स्वच्छता और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मेलाधिकारी ने तुलसी चौक, रेलवे स्टेशन, अपर रोड और हरकी पैड़ी समेत कई क्षेत्रों का निरीक्षण कर सीवरेज, सड़क सुधार और जनसुविधाओं को जल्द पूरा करने को कहा।
मनसा देवी पैदल मार्ग और मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण के साथ ही प्रमुख घाटों और पुलों के बेहतर अनुरक्षण के निर्देश भी दिए गए।
प्रशासन ने बताया कि कुंभ मेले को देखते हुए हेरिटेज मार्ग, पेशवाई और अमृत स्नान मार्गों को विशेष रूप से विकसित किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
