रुड़की/हरिद्वार हर्षिता।हरिद्वार जिले के रुड़की में दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मामूली कहासुनी ने अचानक खूनी रूप ले लिया, जब दबंग युवकों ने दो मजदूरों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। राहत की बात यह रही कि दोनों मजदूर इस हमले में बाल-बाल बच गए। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के सत्ती मोहल्ला स्थित बादशाह होटल के पास एक मकान में अमजद और गुलशेर, जो मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के बिझौली गांव के निवासी हैं, पत्थर लगाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान मोबाइल फोन चलाने को लेकर साथ काम कर रहे तेलीवाला गांव के एक युवक से उनकी कहासुनी हो गई।
आरोप है कि युवक ने अपने तीन साथियों को मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में चारों आरोपी वहां पहुंचे और दोनों मजदूरों पर जान से मारने की नीयत से दो राउंड फायरिंग कर दी।
गोली चलने की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के दुकानदार अपनी दुकानों से बाहर निकल आए और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। भीड़ बढ़ती देख आरोपी एक बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें पूरी वारदात रिकॉर्ड मिली है।
पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर पुलिस आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर रही है।
सिविल लाइन कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
दिनदहाड़े फायरिंग की इस घटना ने शहर में कानून व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

By DTI