रुद्रपुर: दिव्या टाइम्स इंडिया।उत्तराखंड के रुद्रपुर में सरकारी जमीन पर कब्जे के एक चौंकाने वाले मामले ने प्रशासन को भी हैरान कर दिया। खेड़ा क्षेत्र में अतिक्रमण की शिकायत की जांच करने पहुंची टीम को एक मकान के अंदर कथित तौर पर बनाई गई अवैध मजार मिली, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया।
जानकारी के मुताबिक, खेड़ा स्थित चांद मस्जिद के पास सरकारी भूमि पर कब्जे की शिकायत प्रशासन को मिली थी। शिकायत के बाद महापौर विकास शर्मा, एडीएम पंकज उपाध्याय, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
जांच के दौरान सामने आया कि सरकारी जमीन पर अवैध रूप से मकान बनाया गया था और उसी मकान के भीतर मजार जैसी संरचना तैयार की गई। आरोप है कि अब्बास नामक व्यक्ति ने अपने पिता के निधन के बाद उन्हें घर के अंदर दफनाया और बाद में उस जगह को मजार का रूप दे दिया।
बताया जा रहा है कि निर्माण को पुराना दिखाने के लिए उसे पन्नी और अन्य सामान से ढककर रखा गया था, ताकि किसी को शक न हो।
प्रारंभिक जांच में सरकारी जमीन पर कब्जे की बात सामने आने के बाद प्रशासन ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने पूरे इलाके का निरीक्षण कर अन्य संभावित अतिक्रमणों की भी जानकारी जुटाई।
महापौर विकास शर्मा ने साफ कहा कि राज्य सरकार सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं करेगी। वहीं एडीएम पंकज उपाध्याय ने बताया कि आरोपी को नोटिस जारी किया जा रहा है और आरोप सही पाए जाने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
प्रशासन ने यह भी संकेत दिए हैं कि कथित अवैध मजार को हटाने की कार्रवाई जल्द की जा सकती है।
