हरिद्वार, 20 मई 2026: हर्षिता।उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय सेना के मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूड़ी को मंगलवार को हरिद्वार के खड़खड़ी श्मशान घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। उनकी अंतिम यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा और हजारों लोगों ने नम आंखों से अपने प्रिय नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सेना और पुलिस के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर दिवंगत नेता को अंतिम सलामी दी। पुत्र मनीष खंडूड़ी ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की। पूरे घाट पर “भुवन चंद्र खंडूड़ी अमर रहें” के नारों के बीच माहौल भावुक हो उठा।
इस दौरान केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि खंडूड़ी जी का जीवन सादगी, अनुशासन और ईमानदारी की मिसाल रहा। उन्होंने मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और सेना अधिकारी के रूप में हर जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाया। उन्होंने कहा कि सुशासन और पारदर्शिता के लिए उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मेजर जनरल खंडूड़ी का निधन उत्तराखंड और देश के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि खंडूड़ी जी हमेशा प्रेरणा स्रोत रहेंगे और उनके आदर्श आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे।
अंतिम यात्रा और श्रद्धांजलि सभा में पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, रमेश पोखरियाल निशंक, तीर्थ सिंह रावत सहित कई सांसद, मंत्री, विधायक, संत समाज, सेना अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
खड़खड़ी श्मशान घाट पर उमड़े जनसमूह ने यह साफ कर दिया कि जनरल खंडूड़ी केवल एक नेता नहीं, बल्कि उत्तराखंड की राजनीति में ईमानदारी और अनुशासन की पहचान थे।

By DTI