देहरादून:संजीव मेहता । उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने अभी से चुनावी मोर्चा संभाल दिया है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने देहरादून में विधायकों और सांसदों के साथ कई घंटे तक चली अहम बैठक में संगठन से लेकर चुनावी रणनीति तक हर मुद्दे पर गहन मंथन किया।
तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे नितिन नवीन ने साफ संदेश दिया कि 2027 चुनाव के लिए अभी से पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरना होगा। उन्होंने कहा कि बीजेपी की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ स्तर का संगठन है और आने वाले चुनाव में यही जीत की कुंजी बनेगा।
हार वाली सीटों पर रहेगा खास फोकस
देहरादून के एक निजी होटल में हुई बैठक में उन विधानसभा सीटों पर विशेष चर्चा हुई, जहां पिछले चुनाव में बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा था। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सांसदों और वरिष्ठ नेताओं को निर्देश दिए कि इन सीटों पर संगठन को और मजबूत किया जाए और जनता के बीच लगातार सक्रियता बढ़ाई जाए।
100 बुद्धिजीवियों की सूची बनाने के निर्देश
बैठक के बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि सभी विधायकों और सांसदों को अपने-अपने क्षेत्रों से 100 बुद्धिजीवी लोगों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इन लोगों के जरिए सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को समाज के अलग-अलग वर्गों तक पहुंचाया जाएगा।
बूथ मैनेजमेंट पर विशेष जोर
बैठक में बूथ मैनेजमेंट को लेकर भी विस्तार से रणनीति बनाई गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि हर बूथ पर सक्रिय कार्यकर्ता और जनता से सीधा संवाद बीजेपी की सबसे बड़ी ताकत है। बूथ समितियों को नियमित बैठकें करने और लाभार्थियों तक पहुंच बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
गांवों में प्रवास, जनता से सीधा संवाद
बीजेपी नेतृत्व ने विधायकों और सांसदों को गांवों में प्रवास करने और जनता के बीच लगातार मौजूद रहने को कहा है। पार्टी का मानना है कि जनता की समस्याओं का मौके पर समाधान और सीधा संवाद संगठन के प्रति भरोसा और मजबूत करेगा।
राजनीतिक गलियारों में इस बैठक को बीजेपी के “मिशन 2027” की बड़ी शुरुआत माना जा रहा है, जहां पार्टी ने चुनावी तैयारी को लेकर स्पष्ट रोडमैप तैयार करना शुरू कर दिया है।

By DTI