देहरादून हर्षिता: उत्तराखंड से अब अमरनाथ यात्रा में जाने वाले यात्रियों को मेडिकल करवाने के लिए जेब ढीली नहीं करनी होगी. क्योंकि उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग अब अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं का फ्री मेडिकल करवाया जाएगा. इसके लिए स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल की तरफ से आदेश भी जारी कर दिया गया है.
दरअसल, उत्तराखंड सरकार ने अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत देने का फैसला किया है. स्वास्थ्य विभाग ने फैसला किया है कि अमरनाथ यात्रा के लिए आवश्यक मेडिकल परीक्षण और स्वास्थ्य प्रमाणन (Health Certification) की सुविधा निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी. स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने इस संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं.


अमरनाथ यात्रा देश की सबसे कठिन धार्मिक यात्राओं में से एक मानी जाती है. जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले दुर्गम क्षेत्रों में स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को लंबी पैदल यात्रा करनी पड़ती है. यात्रा के दौरान कम ऑक्सीजन, कठिन चढ़ाई और बदलते मौसम जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है. ऐसे में केवल उन्हीं श्रद्धालुओं को यात्रा की अनुमति दी जाती है जो चिकित्सकीय रूप से स्वस्थ पाए जाते हैं. यही कारण है कि अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले प्रत्येक श्रद्धालु के लिए मेडिकल चेकअप और स्वास्थ्य प्रमाण पत्र अनिवार्य होता है.
अब तक श्रद्धालुओं को यह मेडिकल जांच अपने खर्च पर करवानी पड़ती थी. हालांकि यह खर्च बहुत बड़ा नहीं माना जाता, लेकिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के लिए यह अतिरिक्त आर्थिक बोझ बन जाता था. खासकर ऐसे परिवारों के लिए, जिनके कई सदस्य एक साथ यात्रा पर जाते हैं. इसी समस्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है.
