हरिद्वार। हर्षिता ।गंगनहर में नहाने के दौरान डूबने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मंगलवार को अलग-अलग स्थानों पर एक किशोर समेत दो युवक तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गए। जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने घंटों सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन देर शाम तक दोनों का कोई सुराग नहीं लग पाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सचिन कुमार (20) निवासी पीपलसाना, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश), जो वर्तमान में रावली महदूद में रह रहा था, पथरी हाउस के पास गंगनहर में नहाने गया था। इसी दौरान वह तेज बहाव में बह गया। वहीं कनखल क्षेत्र में उत्कर्ष (16) अपने दोस्तों के साथ सतनाम साक्षी घाट पर नहाने पहुंचा था, जहां वह भी गहरे पानी और तेज धारा की चपेट में आकर डूब गया।
पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें दोनों की तलाश में लगातार अभियान चला रही हैं।
⚠️ चिंता का विषय: आखिर कब रुकेगा यह सिलसिला?
गौरतलब है कि गंगनहर और गंगा घाटों पर नहाते समय किशोरों और युवाओं के डूबने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। चेतावनी बोर्ड, सुरक्षा बैरिकेडिंग और निगरानी के बावजूद लोग जोखिम उठाकर गहरे पानी में उतर रहे हैं, जिसका खामियाजा उन्हें अपनी जान गंवाकर चुकाना पड़ रहा है।
📢 दिव्या टाइम्स इंडिया की अपील
अभिभावकों से अनुरोध है कि वे अपने बच्चों और किशोरों को बिना निगरानी के नदी, गंगनहर या घाटों पर नहाने न भेजें।
प्रशासन से मांग है कि संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था और सख्त की जाए, अतिरिक्त चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं तथा लाइफगार्ड और पुलिस की तैनाती बढ़ाई जाए ताकि मासूम जिंदगियां बचाई जा सकें।
👉 एक छोटी सी लापरवाही, पूरे परिवार की जिंदगी में कभी न भरने वाला दर्द छोड़ सकती है। सावधानी ही सुरक्षा है।
— दिव्या टाइम्स इंडिया 📰
