हरिद्वार, 03 जून 2026, हर्षिता ।मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के बाद हरिद्वार जनपद में जिला प्रशासन ने व्यापक स्तर पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में नगर निगम और प्रशासन की संयुक्त टीम ने शहर से लेकर तहसील क्षेत्रों तक सरकारी भूमि, सड़क, फुटपाथ और नालियों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया।
🏗️ ललतारौ पुल से अपर रोड तक चला बुलडोजर
अभियान के दौरान ललतारौ पुल से अपर रोड तक मार्ग और नालियों के ऊपर किए गए 80 से अधिक अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। कार्रवाई के दौरान कुछ व्यापारियों ने विरोध और व्यवधान उत्पन्न करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी में अभियान लगातार जारी रहा।
प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में नालियों, फुटपाथों या सरकारी भूमि पर सामान रखने अथवा निर्माण करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बार-बार अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
🚜 रुड़की में 200 से अधिक अवैध रेहड़ी-ठेली हटाई गईं
संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ के नेतृत्व में कलियर से धनोरी तक उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग की भूमि पर विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क किनारे संचालित 200 से अधिक अवैध रेहड़ी, ठेली और खोखे हटाए गए, जबकि 3 स्थायी अतिक्रमणों को ध्वस्त कर दिया गया।
🛣️ लक्सर बाजार में भी चला प्रशासन का डंडा
उप जिलाधिकारी अनिल शुक्ला के नेतृत्व में लक्सर बाजार में सड़क, फुटपाथ और नालियों पर किए गए अतिक्रमण हटाए गए। अभियान के दौरान 5 लोगों के चालान भी किए गए और भविष्य में अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी गई।
📢 भगवानपुर में कल से शुरू होगा अभियान
उप जिलाधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि भगवानपुर क्षेत्र में लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को स्वयं अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई है। यदि लोगों ने स्वेच्छा से अतिक्रमण नहीं हटाया तो कल से तहसील प्रशासन द्वारा विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा।
🔴 प्रशासन का संदेश
जनहित, सुगम यातायात और शहर की स्वच्छता बनाए रखने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

By DTI