हरिद्वार: हर्षिता ।आगामी कांवड़ यात्रा और कुंभ मेले को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने रिंग रोड परियोजना के अंतर्गत बहादराबाद बाईपास से जगजीतपुर तक निर्माणाधीन फ्लाईओवर कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदाई संस्था के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर निर्माण कार्यों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि 30 जून तक पूरे किए जा सकने वाले सभी कार्यों को तय समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि कांवड़ मेले के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
डीएम ने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान सड़क निर्माण कार्य पूरी तरह बंद रहेंगे, इसलिए समय रहते सभी जरूरी निर्माण कार्य पूरे करना बेहद आवश्यक है। उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाने और मिट्टी ढुलाई के लिए डंपरों की संख्या में वृद्धि करने के निर्देश दिए।
साथ ही फ्लाईओवर मार्ग में आने वाली भूमि, वृक्ष कटान और अन्य बाधाओं को जल्द दूर करने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों और कांट्रेक्टरों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए परियोजना को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि कांवड़ यात्रा और कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को यातायात संबंधी किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान उप मेला अधिकारी/एसएलओ आकाश जोशी, एनएचएआई के प्रोजेक्ट निदेशक विशाल गोयल, कांट्रेक्टर नरेश मंगला, सालवान सिंह गुलेरिया सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
