दिव्या टाइम्स इंडिया। शिवपुरी में रचना गुर्जर नाम की महिला द्वारा सोने-चांदी के गहनों से सजी रील सामने आने के बाद एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया। बताया जा रहा है कि इसी वीडियो को देखकर चोरों ने घर को अपना टारगेट बनाया और पूरी प्लानिंग के साथ बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया।

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के मोहनी गांव में रचना गुर्जर नाम की महिला ने भारी मात्रा में सोने के गहने पहनकर रील बनाई और अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल का प्रदर्शन किया, लेकिन यही वीडियो चोरों के लिए “टारगेट” बन गया।
बताया जा रहा है कि रील और पोस्ट देखने के बाद चोरों ने घर की रेकी की और फिर पूरी प्लानिंग के साथ वारदात को अंजाम दिया। देर रात चोर दीवार फांदकर घर में घुसे, पहले सीसीटीवी कैमरे को घुमा दिया और फिर फेंसिंग काटकर अंदर दाखिल हुए।
इसके बाद चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के बाद चोर आराम से सीढ़ी के सहारे बाहर निकले और मौके से फरार हो गए।
सुबह जब घरवालों की नींद खुली तो पूरा घर अस्त-व्यस्त पड़ा था और अलमारी टूटी हुई मिली। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और CCTV फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश तेज कर दी गई है। शुरुआती जांच में चोरों के आने-जाने की फुटेज भी सामने आई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।

By DTI