देहरादून/नई दिल्ली। दिव्या टाइम्स इंडिया।दिल्ली के मालवीय नगर में हुए भीषण अग्निकांड के बाद गिरफ्तार किए गए उत्तराखंड निवासी केशव नेगी का मामला अब राजनीतिक और सामाजिक बहस का विषय बन गया है। 22 लोगों की मौत वाले इस दर्दनाक हादसे की जांच के बीच केशव नेगी की गिरफ्तारी को लेकर सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
गिरफ्तारी के बाद कई लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। कुछ सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों का कहना है कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। वहीं दिल्ली पुलिस का कहना है कि कार्रवाई उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी सक्रिय हो गए हैं। मुख्यमंत्री धामी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से जानकारी साझा करते हुए बताया कि उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से इस प्रकरण को लेकर बातचीत की है।
मुख्यमंत्री धामी के अनुसार दिल्ली की मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया है कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और पूरे मामले की जांच निष्पक्ष रूप से तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि संबंधित एजेंसियां निष्पक्ष जांच के जरिए सच्चाई को सामने लाएंगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि उन्होंने केशव नेगी की पुत्री कनिष्का नेगी से बातचीत कर परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया है। धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार देशभर में रह रहे प्रवासी उत्तराखंडियों के साथ खड़ी है और आवश्यकता पड़ने पर हर संभव सहयोग प्रदान करेगी।
फिलहाल इस पूरे मामले पर सभी की नजरें जांच एजेंसियों की कार्रवाई पर टिकी हैं। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, वैसे-वैसे इस बहुचर्चित मामले से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आने की संभावना है।

By DTI