रुड़की) हर्षिता ।कलियर दरगाह क्षेत्र से सात माह के मासूम की चोरी मामले में पुलिस ने दिव्यांग महिला समेत दो को लक्सर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है।

भीख मांगने के उद्देश्य से आरोपित ने बच्चे का अपहरण कर भीख मांगने वाली दिव्यांग महिला को सौंपा था। पुलिस ने बच्चे को मुक्त कराकर उसके स्वजन को सौंप दिया है। स्वजन मूल रूप से बिहार के निवासी हैं।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि सात जून को कलसूम खातून निवासी मुसीड़ा, थाना चरौथ, जिला सीतामणी, बिहार हाल निवासी कलियर दरगाह परिसर ने पुलिस को तहरीर दी थी, जिसमें बताया था कि करीब नौ माह पहले वह अपनी बेटी रजिया खातून, बेटे व सात माह के नाती अली रजा के साथ कलियर आई थी।

उसकी बेटी की हाजरी के लिए वह यहां पर रह रहे थे। दरगाह परिसर से सात जून को अचानक उनका नाती गायब हो गया था। पुलिस ने इस मामले में अपहरण का मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू की थी।

सीसीटीवी फुटेज में पुलिस को एक युवक बच्चे को गोद में ले जाता दिखा था। इसके बाद से पुलिस आरोपित की तलाश में थी।

गुरुवार को पुलिस उपाधीक्षक, प्रभारी कोतवाली पिरान कलियर दिव्येश उपाध्याय और निरीक्षक कमल मोहन भंडारी की टीम को सूचना मिली कि कलियर से अपहरण हुए बच्चे को गोद में लेकर लक्सर रेलवे स्टेशन पर एक दिव्यांग महिला भीख मांग रही है।

पुलिस ने पूछताछ की तो पता चला कि दिव्यांग महिला के पति की 20 साल पहले मौत हो गई थी। वह समीर के साथ रह रही थी। दिव्यांग महिला भीख मांग कर पेट पाल रही थी। समीर ने भीख मांगने के लिए बच्चे का अपहरण किया था। पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है।

अधिक भीख मिलने के लालच में किया था अपहरण

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि दिव्यांग महिला ने पूछताछ में बताया कि समीर कोई काम नहीं करता। समीर ने उसे बताया था कि कलियर में भीख मांगने वाली जिन महिलाओं की गोद में छोटा बच्चा होता है।

उन्हें अधिक भीख मिलती है। इसके चलते ही दोनों कलियर आये थे। इसके बाद महिला को उसने लंढौरा में छोड़ दिया। इसके बाद रजिया बेगम मी मानसिक स्थिति का फायदा उठाकर समीर ने बच्चे का अपहरण कर उसे दिव्यांग महिला को सौंप दिया था।

बच्चे के दोनों हाथों में छह अंगुली होने पर पुलिस की राह हुई आसान

सात माह के मासूम अली रजा के दोनों हाथों में छह अंगूली हैं। स्वजन ने पुलिस को इस बारे में बता दिया था, जिसके बाद पुलिस को जब लक्सर रेलवे स्टेशन पर एक दिव्यांग महिला की गोद में छह अंगुली वाला बच्चा होने का पता चला तो पुलिस पूरी तरह से आश्वस्त हो गई थी कि यही अली रजा है।

250 सीसीटीवी कैमरे खंगालने के बाद आरोपित आए हाथ

बच्चे के अपहरण की घटना के बाद पुलिस ने दरगाह क्षेत्र से लेकर अन्य जगहों पर करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके बाद पुलिस आरोपित समीर को चिह्नित करने में सफल हो सकी। इसके बाद आरोपित पुलिस के हत्थे चढ़े।

By DTI