हरिद्वार। हर्षिता ।वीकेंड और सोमवती अमावस्या स्नान पर्व (13, 14 एवं 15 जून 2026) के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए हरिद्वार पुलिस ने विस्तृत यातायात प्लान जारी किया है। पुलिस प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट एवं पार्किंग व्यवस्था का पालन करें तथा यातायात संचालन में सहयोग दें।
पर्व के दौरान यातायात दबाव बढ़ने पर भारी वाहनों को जनपद की सीमाओं पर ही रोका जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर और पंजाब की ओर से आने वाले वाहनों को नगला इमरती से डायवर्ट कर बैरागी कैंप पार्किंग में भेजा जाएगा।


पुलिस के अनुसार चीला मार्ग का उपयोग केवल एग्जिट रूट के रूप में किया जाएगा, जबकि गुरुकुल कांगड़ी सर्विस लेन और नहर पटरी मार्ग को भी यातायात प्रबंधन के लिए उपयोग में लाया जाएगा। देहरादून और ऋषिकेश जाने वाली निजी बसों को आवश्यकता पड़ने पर मोहंड मार्ग से संचालित किया जाएगा।
नजीबाबाद, मुरादाबाद, देहरादून, ऋषिकेश तथा चारधाम क्षेत्र से आने-जाने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं। वहीं ट्रैफिक दबाव बढ़ने की स्थिति में ऑटो और विक्रम वाहनों के संचालन पर भी विशेष प्रतिबंध लगाए जाएंगे।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि 13 जून को सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक तथा 14 जून सुबह 6 बजे से सोमवती अमावस्या स्नान पर्व की समाप्ति तक हरिद्वार शहर क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।
इसके अलावा 14 जून की रात 8 बजे से सभी बसों, ट्रैक्टरों एवं बड़े यात्री वाहनों को चमकादड़ टापू पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। वहीं 15 जून की सुबह 3 बजे से बड़े वाहनों को नगला इमरती से डायवर्ट कर बैरागी कैंप पार्किंग भेजा जाएगा।
हरिद्वार पुलिस ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले निर्धारित ट्रैफिक प्लान की जानकारी अवश्य प्राप्त करें और यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करें।
