हरिद्वार, हर्षिता। मोबाइल पर आए एक संदिग्ध लिंक पर क्लिक करना युवक को भारी पड़ गया। लिंक खुलते ही फोन हैक हो गया और कुछ ही देर में उसके बैंक खाते से ₹20,000 की रकम किसी अज्ञात खाते में ट्रांसफर कर दी गई। हालांकि हरिद्वार साइबर क्राइम सेल की त्वरित कार्रवाई के चलते पीड़ित को उसकी पूरी रकम वापस मिल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 अप्रैल 2026 को मुहम्मद शाकिब वसीम सिद्दीकी के मोबाइल फोन पर एक अज्ञात लिंक प्राप्त हुआ। लिंक पर क्लिक करते ही साइबर ठगों ने फोन का एक्सेस हासिल कर लिया और बैंक खाते से ₹20,000 की धनराशि निकाल ली।
धोखाधड़ी का पता चलते ही पीड़ित ने साइबर क्राइम सेल हरिद्वार से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही साइबर सेल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित खाते में गई रकम को होल्ड कराया और तकनीकी जांच शुरू कर दी।
लगातार प्रयासों और बैंकिंग संस्थानों के साथ समन्वय के बाद 11 जून 2026 को पीड़ित के ₹20,000 सफलतापूर्वक वापस दिला दिए गए। साइबर सेल की इस तत्परता से पीड़ित को बड़ी राहत मिली।
हरिद्वार पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें और अपनी बैंकिंग या व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

By DTI