देहरादून: हर्षिता। बीते कुछ दिनों से सीएम धामी और गदरपुर विधायक अरविंद पांडे के बीच मतभेद की खबरें खूब सुर्खियों में हैं. इन दोनों दिग्गज नेताओं के बीच की दूरियों को लेकर कई तरह के कयास लगाये जाते रहे हैं. उत्तराखंड के सियासी गलियारे इन दोनों नेताओं की तल्खियों की खबरों से खूब तपते रहते हैं. आज इन दोनों नेताओं ने इन सब खबरों पर ब्रेक लगा दिया है. आज सीएम धामी ने अरविंद पांडे के साथ मुलाकात की. इतना ही नहीं सीएम धामी अरविंद पांडे के घर भी गये. इन दोनों नेताओं ने एक साथ बोटिंग का आनंद भी लिया.
दरअसल, गदरपुर अंतर्राष्ट्रीय क्याकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता होनी है. जिसकी तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए सीएम धामी यहां पहुंचे. यहां उनके साथ गदरपुर विधायक अरविंद पांडे भी नजर आये. उन्होंने अरविंद पांडे के साथ वाटर स्पोर्ट्स का आनंद भी लिया. साथ ही संबंधित अधिकारियों को प्रतियोगिता से जुड़ी सभी तैयारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए.
इस दौरान सीएम धामी ने कहा उत्तराखंड आज तेजी से देश के प्रमुख वॉटर स्पोर्ट्स एवं एडवेंचर स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा है. ऋषिकेश और टिहरी में वॉटर स्पोर्ट्स की अपार संभावनाओं को विकसित करने के साथ-साथ राज्य के अन्य क्षेत्रों में भी ऐसे अवसरों को चिन्हित कर उन्हें प्रोत्साहित किया जा रहा है.
सीएम धामी ने कहा राज्य सरकार खेल अवसंरचना के विकास, खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए निरंतर प्रयासरत है.इस प्रकार के अंतर्राष्ट्रीय आयोजनों से न केवल साहसिक खेलों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि प्रदेश में पर्यटन, स्थानीय रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति प्राप्त होगी.
गदरपुर विधायक अरविंद पांडे ने एक्स पर सीएम धामी का स्वागत किया है.गदरपुर विधायक अरविंद पांडे ने कार्यकर्ताओं के साथ सपरिवार सीएम धामी का स्वागत किया. अरविंद पांडे ने कहा उत्तराखण्ड प्रदेश के 13 टूरिज्म डेस्टिनेशन में सम्मिलित प्रसिद्ध वाटर स्पोर्ट्स एवं पर्यटन केंद्र ‘हरीपुरा बौर जलाशय’ में हाई स्पीड मोटरबोटिंग अपने आप में रोमांचकारी अनुभव है.
