देहरादून: हर्षिता ।उत्तराखंड देहरादून जिले के सहसपुर पुलिस स्टेशन के बैरागी वाला इलाके में पानी के झगड़े को लेकर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक व्यक्ति की मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया. शनिवार रात की घटना के बाद रविवार सुबह कुछ लोगों ने एक हमलावर के घर पर और अन्य आरोपियों के घर के पास आगजनी कर दी. उसके बाद पत्थरबाजी भी हुई. पत्थरबाजी में कुछ लोगों की घायल होने की भी सूचना है. मामले में अभी तक 3 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. उधर, प्रशासन ने तीनों आरोपियों के घर बुलडोजर की कार्रवाई की. मामले में अभी तक 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.
13 जून को देहरादून के बैरागी वाला इलाके में खेत में सिंचाई को लेकर दो गुटों में विवाद हुआ. विवाद में एक पक्ष के दर्जनभर लोगों ने दूसरे पक्ष के एक युवक विनोद की धारदार हथियार से हमलाकर हत्या कर दी. इसके बाद मामला बढ़ गया. देर रात तक पीड़ित परिवार और ग्रामीण पुलिस थाने में डटे रहे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते रहे. स्थानीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान भी पीड़ित परिवार के साथ मौजूद रहे.


वहीं रविवार 14 जून सुबह घटना को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और लोगों ने हत्यारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क जाम कर प्रदर्शन करना शुरू किया. इस दौरान आक्रोशित लोगों ने एक हमलावर के घर पर आग लगा दी. जबकि कुछ लोगों के घर के बाहर भी आगजनी की. इस दौरान पत्थरबाजी भी हुई. पत्थरबाजी में कुछ लोगों के घायल होने की भी सूचना है
