हरिद्वार। हर्षिता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों और “विकसित भारत-2047” के संकल्प को लेकर भारतीय जनता पार्टी द्वारा हरिद्वार के वैभव ग्रैंड होटल में प्रबुद्ध जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े बुद्धिजीवियों के साथ संवाद किया।
अरुण सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसानों की उन्नति, युवाओं के लिए रोजगार, डिजिटल क्रांति और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं।
उन्होंने बताया कि देश में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं, 4 करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के घर मिले हैं तथा 60 करोड़ नागरिकों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ प्राप्त हुआ है। वहीं 3 करोड़ लखपति दीदी योजना के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 57 करोड़ मुद्रा ऋणों ने रोजगार के नए अवसर पैदा किए हैं और भारत आज विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है।
उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि विकसित भारत-2047 केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का सामूहिक संकल्प है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं हरिद्वार जिला प्रभारी अनिल गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, राष्ट्रीय सुरक्षा की मजबूती, आर्थिक सुधारों और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। आज भारत विश्व मंच पर एक मजबूत और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित प्रबुद्ध जनों ने भी अपने विचार और सुझाव साझा किए। भाजपा नेताओं ने कहा कि समाज के सभी वर्गों के साथ निरंतर संवाद स्थापित कर राष्ट्र निर्माण के कार्य को और गति दी जाएगी।
इस अवसर पर उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र शास्त्री, भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी, जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट, राजेश शर्मा, दीपांशु विद्यार्थी, तरुण नैयर, प्रशांत शर्मा, राजेंद्र कटारिया, किशन बजाज, तुषांक भट्ट, संदीप गोयल, कामिनी सडाना, मृदुला शास्त्री सिंघल, पारुल चौहान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

By DTI