हरिद्वार, 21 जून। हर्षिता 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला हरिद्वार द्वारा गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के दयानंद स्टेडियम में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि एवं प्रदेश के आयुष मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मन, शरीर और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने वाली जीवन पद्धति है। योग तनाव, अवसाद और अस्वस्थ जीवनशैली से उत्पन्न चुनौतियों का प्रभावी समाधान है तथा नियमित योग और प्राणायाम से व्यक्ति स्वस्थ, सकारात्मक और ऊर्जावान जीवन की ओर अग्रसर होता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज दुनिया के 190 से अधिक देशों में करोड़ों लोग योग से जुड़ चुके हैं। उत्तराखंड को योग एवं वेलनेस की वैश्विक राजधानी बनाने के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि योग भारत की सनातन संस्कृति, ऋषि परंपरा और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है। योग व्यक्ति, परिवार, समाज और विश्व कल्याण का सशक्त माध्यम बन चुका है।
कार्यक्रम संयोजक एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष आशु चौधरी ने कहा कि योग आज वैश्विक जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। इस वर्ष की थीम “Yoga for Healthy Ageing” स्वस्थ, संतुलित और दीर्घायु जीवन का संदेश देती है।
कार्यक्रम में दायित्वधारी (राज्यमंत्री) ओमप्रकाश जमदग्नि, नितिन गौतम, ब्लॉक प्रमुख आशा नेगी, संदीप गोयल, विकास तिवारी, हीरा सिंह बिष्ट, लव शर्मा, तरुण नैय्यर, योगाचार्य विपिन गोलियान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

By DTI