हरिद्वार, हर्षिता। हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के लोगों को लंबे इंतजार के बाद बड़ी सौगात मिली है। विधायक अनुपमा रावत ने ग्राम घोसीपुरा से सपेरा बस्ती होते हुए अंबुवाला तक बनने वाली बहुप्रतीक्षित सड़क का विधिवत शिलान्यास किया। राज्य योजना के अंतर्गत लगभग ₹1 करोड़ 6 लाख की लागत से बनने वाली यह सड़क क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों के लिए राहत लेकर आएगी।
करीब 20 वर्ष पहले बनी यह सड़क समय के साथ पूरी तरह जर्जर हो चुकी थी। गड्ढों और खराब मार्ग के कारण लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब सड़क के पुनर्निर्माण से ग्रामीणों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।
लगभग ढाई किलोमीटर लंबी यह सड़क घोसीपुरा, सपेरा बस्ती और अंबुवाला को जोड़ेगी। सड़क निर्माण की शुरुआत होते ही ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने विधायक अनुपमा रावत का आभार जताते हुए कहा कि इस सड़क से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और रोजमर्रा के आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक अनुपमा रावत ने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र का समग्र विकास है। उन्होंने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं और भविष्य में भी विकास कार्यों की रफ्तार इसी तरह जारी रहेगी।
इस अवसर पर ग़ालिब अंसारी, तासींन, पाल सिंह चौहान, मयंक चौहान, हारून प्रधान, आज़म, मुस्तफ़ा, रियासत, सलीम, सहरूबाँन, शेषराज, राकिब, मेनपाल, धूम सिंह, पवन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। शिलान्यास कार्यक्रम में लोगों ने सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा होने की उम्मीद जताई।
