हरिद्वार: हर्षिता । खानपुर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन एक बार फिर सुर्खियों में हैं। एससी/एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज होने और गिरफ्तारी की मांग तेज होने के बीच चैंपियन ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए एक वीडियो जारी किया है।
करीब एक सप्ताह पहले लक्सर कोतवाली में दर्ज मुकदमे के बाद भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने चैंपियन की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। इसी बीच चैंपियन का माफी वाला वीडियो सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
वीडियो में चैंपियन ने कहा कि यदि उनके कथित बयान से अनुसूचित समाज की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह इसके लिए खेद व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि वह हमेशा बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और अनुसूचित समाज का सम्मान करते रहे हैं तथा भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो, इसका पूरा ध्यान रखेंगे।
क्या है पूरा मामला?
शांतरशाह गांव निवासी जोगेंद्र की शिकायत के अनुसार, 22 जून को सड़क पर हुए विवाद के बाद फोन पर बातचीत के दौरान चैंपियन ने कथित रूप से जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर लक्सर कोतवाली में एससी/एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
दूसरी ओर, प्रणव सिंह चैंपियन ने पहले इन आरोपों को खारिज करते हुए वायरल ऑडियो-वीडियो को फर्जी बताया था। उनका कहना था कि उनकी गाड़ी को टक्कर मारने और सुरक्षा में बाधा डालने की कोशिश की गई थी। उनके गनर की शिकायत पर दूसरे पक्ष के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराया गया था।
अब आगे क्या?
फिलहाल मामले की जांच जारी है। पुलिस कानूनी प्रक्रिया के तहत दोनों पक्षों के आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। माफी के बावजूद मुकदमे की कार्रवाई कानून के अनुसार आगे बढ़ेगी और अंतिम निर्णय जांच के निष्कर्षों पर निर्भर करेगा।

By DTI