हरिद्वार। हर्षिता ।उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर 16 जुलाई को हरिद्वार जनपद में 30 हजार पौधों के वृहद पौधारोपण अभियान का आयोजन किया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जिला कार्यालय सभागार में समीक्षा बैठक कर सभी विभागों को 10 जुलाई तक सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
डीएम मयूर दीक्षित ने कहा कि हरेला केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गड्ढों की खुदाई, पौधों की उपलब्धता, जैविक खाद, सिंचाई, ट्री-गार्ड और परिवहन सहित सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं। 11 से 15 जुलाई के बीच सभी चिन्हित स्थलों का निरीक्षण और सत्यापन भी कराया जाएगा।
इन स्थानों पर होगा पौधारोपण
प्रशासन ने शासकीय कार्यालयों, विद्यालयों, अस्पतालों, पार्कों, सड़क किनारे, नदी-नालों के तट, सामुदायिक एवं सरकारी खाली भूमि को पौधारोपण के लिए प्राथमिकता देने का निर्णय लिया है। प्रत्येक स्थल की जियो-टैगिंग कर पौधों की संख्या और जिम्मेदार अधिकारियों का रिकॉर्ड भी तैयार किया जाएगा।
‘एक परिवार–दो पौधे’ अभियान पर रहेगा जोर
जिलाधिकारी ने आमजन की भागीदारी बढ़ाने के लिए ‘एक परिवार–दो पौधे’ अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ‘हरित हरिद्वार’ अभियान के तहत स्थानीय और फलदार प्रजातियों के पौधों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही पौधारोपण के बाद उनकी सुरक्षा, सिंचाई और जीवित रखने की जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता, परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
