हरिद्वार | 9 जुलाई 2026, हर्षिता। जनपद हरिद्वार में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने पूरे प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। सभी जिला स्तरीय अधिकारियों, एसडीएम और तहसीलदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि जलभराव, सड़क बंद होने, भवन क्षति या किसी भी आपदा की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जाए और बिना देरी जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने तहसील स्तर के आपदा नियंत्रण कक्षों को भी 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि हर सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
जिलाधिकारी ने जिला आपदा प्रबंधन टीम को निर्देश दिए हैं कि किसी भी क्षेत्र से जलभराव या अन्य आपदा की सूचना मिलते ही संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर टीमों को तुरंत मौके पर भेजा जाए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जाए।
डीएम मयूर दीक्षित ने बताया कि वह स्वयं जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के माध्यम से लगातार बारिश की स्थिति पर पल-पल नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों को चेतावनी दी कि जनहित और जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
👉 प्रमुख बिंदु:
🌧️ लगातार बारिश के चलते हरिद्वार प्रशासन हाई अलर्ट पर
🚨 सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश
🌊 जलभराव और आपदा की सूचना पर तुरंत राहत-बचाव कार्य
🏢 तहसील स्तर के कंट्रोल रूम 24×7 अलर्ट मोड पर
👨💼 डीएम मयूर दीक्षित स्वयं कर रहे हैं स्थिति की निगरानी
