हरिद्वार | 14 जुलाई 2026। आगामी कांवड़ मेला-2026 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने मंगलवार को मेला क्षेत्र का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि 25 जुलाई तक सभी निर्माण और व्यवस्थाओं का कार्य हर हाल में पूरा किया जाए।
निरीक्षण के दौरान मनसा देवी हिल बाईपास, मोतीचूर, भूपतवाला, सप्तऋषि आश्रम, पंतद्वीप, लालजीवाला, चंडी चौक, नजीबाबाद रोड, गौरीशंकर और नमामि गंगे घाट सहित प्रमुख स्थलों का जायजा लिया गया। इस दौरान यात्रा मार्ग, बैरिकेडिंग, ट्रैफिक प्लान, सड़क मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई।
डीएम मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्ग पूरी तरह गड्ढामुक्त, सुरक्षित और सुगम बनाया जाए। उन्होंने कहा कि जहां भी निर्माण या मरम्मत कार्य चल रहे हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
भीड़ प्रबंधन और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बैरिकेडिंग, डायवर्जन, सूचना संकेतक और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि मेले के दौरान सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात संचालन के लिए सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। प्रत्येक संवेदनशील स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल, सतत निगरानी और त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सीवर लाइन निर्माण और रिंग रोड परियोजना की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि निर्माण कार्यों के कारण कांवड़ यात्रा मार्ग पर किसी प्रकार का अवरोध न हो और आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जाए।
