हरिद्वार | 14 जुलाई 2026। हर्षिता।महाकुंभ-2027 की तैयारियों को तेज़ी देते हुए मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने मंगलवार को हर की पैड़ी और रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में चल रही एवं प्रस्तावित पुनर्विकास परियोजनाओं का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ मेला समाप्त होते ही सभी निर्माण कार्य युद्धस्तर पर शुरू किए जाएं, ताकि निर्धारित समय में सभी परियोजनाएं पूरी हो सकें।
निरीक्षण के दौरान हर की पैड़ी, रोड़ीबेलवाला, दीनदयाल उपाध्याय पार्किंग, आस्था पथ, एडमिन रोड, अलकनंदा घाट, भागीरथी घाट और शताब्दी पुल क्षेत्र का जायजा लिया गया। अधिकारियों से परियोजनाओं की प्रगति और आगामी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी भी ली गई।
मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ-2027 के लिए विकसित की जा रही आधारभूत संरचनाएं केवल मेले के लिए नहीं, बल्कि भविष्य के हरिद्वार को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही हैं। इसलिए निर्माण कार्य गुणवत्ता, सुरक्षा और समयबद्धता के साथ पूरे किए जाएं।
उन्होंने धनुष पुल से बैरागी कैंप तक आस्था पथ के विस्तार में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही घाटों तक आसान पहुंच, मजबूत रेलिंग, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, हरित पट्टियां और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि हर की पैड़ी पुनर्विकास परियोजना पर लगभग 66.77 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिसके तहत घाटों का निर्माण, वॉकवे, लाइटिंग, सौंदर्यीकरण, सीवेज और ड्रेनेज व्यवस्था को आधुनिक बनाया जाएगा।
वहीं रोड़ीबेलवाला पुनर्विकास परियोजना पर करीब 58.39 करोड़ रुपये की लागत से सड़कें, वेंडिंग ज़ोन, आधुनिक पार्किंग, सार्वजनिक शौचालय, पैदल मार्ग और अन्य आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी। एडमिन रोड का निर्माण कार्य जारी है, जबकि नए निर्माण कार्य कांवड़ मेला समाप्त होने के बाद शुरू होंगे।

By DTI