देहरादून | 14 जुलाई 2026 हर्षिता।उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के पहले चरण के पूरा होने के बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) कार्यालय ने ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी है। सूची के अनुसार प्रदेश में कुल 71,33,785 मतदाता दर्ज हैं। इनमें से 19,04,380 मतदाताओं के गणना प्रपत्रों (Enumeration Forms) में विभिन्न प्रकार की विसंगतियां पाई गई हैं। ऐसे सभी मतदाताओं को संबंधित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO) की ओर से नोटिस जारी किए जाएंगे।
निर्वाचन विभाग के अनुसार 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। जिन लोगों के रिकॉर्ड में त्रुटि है, उन्हें दस्तावेजों के साथ निर्धारित शिविरों में उपस्थित होकर सुधार कराना होगा। नए पात्र मतदाता भी फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकेंगे।
हरिद्वार और देहरादून में सबसे ज्यादा त्रुटियां
जिलेवार आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक विसंगतियां देहरादून और हरिद्वार में सामने आई हैं।
देहरादून: 11,90,805 मतदाता, इनमें 3,95,868 रिकॉर्ड में त्रुटि।
हरिद्वार: 12,46,219 मतदाता, इनमें 3,90,312 रिकॉर्ड में त्रुटि।
उधम सिंह नगर: 3,36,164
नैनीताल: 1,88,054
पौड़ी गढ़वाल: 1,05,945
टिहरी गढ़वाल: 1,04,402
अल्मोड़ा: 77,566
पिथौरागढ़: 70,065
उत्तरकाशी: 55,976
चमोली: 52,246
चंपावत: 44,315
रुद्रप्रयाग: 42,469
बागेश्वर: 40,998
इन 8 कारणों से भेजे जाएंगे नोटिस
निर्वाचन विभाग ने बताया कि निम्नलिखित प्रमुख विसंगतियों पर नोटिस जारी होंगे—
माता-पिता और मतदाता की आयु में 15 वर्ष से कम का अंतर।
माता-पिता और मतदाता की आयु में 50 वर्ष से अधिक का अंतर।
दादा-दादी/नाना-नानी और मतदाता की आयु में 40 वर्ष से कम का अंतर।
दो भाई-बहनों के बीच 9 माह से कम आयु का अंतर।
एक ही गार्जियन के नाम पर छह से अधिक मतदाता दर्ज होना।
संबंधी के नाम में त्रुटि।
मतदाता के नाम में त्रुटि।
पिछली मतदाता सूची के रिकॉर्ड का अनमैप्ड होना। �
कहां लगेंगे सुधार शिविर?
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाताओं के लिए न्याय पंचायत स्तर पर क्लस्टर कैंप लगाए जाएंगे। मैदानी क्षेत्रों में तहसील, नगर निगम, नगर पंचायत और वार्ड स्तर पर भी विशेष शिविर आयोजित होंगे, जहां दस्तावेजों का सत्यापन कर रिकॉर्ड में सुधार किया जाएगा।
प्रदेश में 86 हजार से अधिक सर्विस वोटर
ड्राफ्ट मतदाता सूची के अनुसार उत्तराखंड में 86,433 सर्विस मतदाता हैं, जिनमें 83,769 पुरुष और 2,664 महिला मतदाता शामिल हैं। सर्वाधिक सर्विस वोटर पौड़ी गढ़वाल (14,569) और पिथौरागढ़ (13,016) में हैं।

By DTI