पौड़ी।दिव्या टाइम्स इंडिया। गढ़वाल क्षेत्र के लिए मंगलवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने क्षेत्रवासियों को एक ही दिन में दो बड़ी सौगातें मिलने की जानकारी दी। पहली, 18 जुलाई से रामनगर–देहरादून सीधी रेल सेवा का शुभारंभ और दूसरी, लालढांग–चिल्लरखाल मार्ग पर अधिकांश वाहनों के संचालन की मंजूरी। सांसद ने कहा कि ये दोनों फैसले गढ़वाल में विकास, पर्यटन, व्यापार और सुगम आवागमन को नई रफ्तार देंगे।
🚆 18 जुलाई से शुरू होगी रामनगर–देहरादून सीधी ट्रेन
सांसद अनिल बलूनी ने बताया कि क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी होने जा रही है। 18 जुलाई से रामनगर–देहरादून सीधी रेल सेवा शुरू होगी। शुरुआती चरण में ट्रेन सप्ताह में दो दिन चलेगी। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर इसे चार से पांच दिन तक संचालित करने की योजना है।
उन्होंने कहा कि कॉर्बेट सिटी रामनगर उत्तराखंड का प्रमुख पर्यटन केंद्र है। नई रेल सेवा शुरू होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ देशभर से आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को भी देहरादून तथा उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों तक पहुंचने में बड़ी सुविधा मिलेगी।
सांसद ने इस उपलब्धि का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तराखंड की रेल कनेक्टिविटी लगातार मजबूत हो रही है।
🛣️ लालढांग–चिल्लरखाल मार्ग पर अधिकांश वाहनों को मिली अनुमति
दिन की दूसरी बड़ी खुशखबरी साझा करते हुए सांसद ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट की सेंट्रल एम्पावर्ड कमेटी (CEC) ने लालढांग–चिल्लरखाल मार्ग पर व्यावसायिक वाहनों को लेकर बनी असमंजस की स्थिति को स्पष्ट कर दिया है। इसके बाद इस मार्ग पर अधिकांश आवश्यक वाहनों के संचालन का रास्ता साफ हो गया है।
अब इस मार्ग पर सवारी वाहन, सरकारी बसें, जीएमओयू (GMOU) की बसें, स्कूल बसें, किसानों के ट्रैक्टर और भवन निर्माण सामग्री ले जाने वाले वाहनों के संचालन की अनुमति मिल गई है।
📈 पर्यटन, व्यापार और किसानों को मिलेगा बड़ा लाभ
इस निर्णय से क्षेत्र के हजारों लोगों, छात्रों, किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को राहत मिलेगी। साथ ही वर्षों से चली आ रही परिवहन संबंधी व्यावहारिक समस्याओं का समाधान होने की उम्मीद है।
सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि धनगढ़ी पुल के लोकार्पण के बाद अब ये दोनों फैसले गढ़वाल के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होंगे। इससे पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और जनसुविधाओं को नया विस्तार मिलेगा।

By DTI