हरिद्वार। हर्षिता ।परिवहन विभाग ने आमजन की सुविधा के लिए एक और बड़ा डिजिटल कदम उठाया है। संभागीय परिवहन कार्यालय (RTO), हरिद्वार में अब ‘ऑफिस असिस्टेंस चैटबॉट’ की शुरुआत कर दी गई है, जिससे नागरिकों को परिवहन विभाग की सेवाओं की जानकारी अब कुछ ही सेकंड में अपने मोबाइल पर उपलब्ध होगी।
कार्यालय परिसर में विभिन्न स्थानों पर QR कोड युक्त स्टैंड लगाए गए हैं। नागरिक इन QR कोड को स्कैन कर चैटबॉट के माध्यम से ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण, टैक्स, परमिट, फिटनेस, ग्रीन कार्ड समेत परिवहन विभाग की विभिन्न सेवाओं की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, शुल्क और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।
इस डिजिटल पहल से लोगों को बार-बार पूछताछ काउंटर पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे समय की बचत के साथ-साथ कार्यालय में पारदर्शिता और कार्यकुशलता भी बढ़ेगी।
इसके साथ ही कार्यालय में लाइव टोकन डिस्प्ले सिस्टम भी शुरू किया गया है। अब आवेदक डिजिटल स्क्रीन पर अपने टोकन की वर्तमान स्थिति और संबंधित काउंटर की जानकारी रियल टाइम में देख सकेंगे, जिससे प्रतीक्षा व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित और आसान हो गई है।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) हरिद्वार, श्री निखिल शर्मा ने बताया कि नागरिक सेवाओं को अधिक आधुनिक, सरल और डिजिटल बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने आमजन से अपील की कि कार्यालय आने पर QR कोड स्कैन कर चैटबॉट का उपयोग करें और उपलब्ध डिजिटल सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।
