गला दबाकर एक की हत्या, दूसरे पर चाकुओं से किए कई वार; मंदिर परिसर में ही दफनाए गए शव
हरिद्वार हर्षिता| धर्मनगरी हरिद्वार में सावन के पहले सोमवार एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पथरी थाना क्षेत्र के फूलगढ़ गांव स्थित शिव मंदिर में रह रहे दो साधुओं की निर्मम हत्या कर उनके शव मंदिर परिसर में गड्ढा खोदकर दफना दिए गए। घटना का खुलासा होने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई, जबकि श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
मंदिर में नहीं दिखे साधु, तलाश के दौरान खुला हत्या का राज
जानकारी के अनुसार, मंदिर में लंबे समय से सेवागिरी और उत्तम गिरी नामक साधु निवास कर रहे थे और मंदिर की देखरेख भी वही करते थे। सोमवार को दोनों साधु काफी देर तक दिखाई नहीं दिए तो ग्रामीणों को शक हुआ। तलाश के दौरान मंदिर परिसर में ताजा खुदी हुई मिट्टी नजर आई। जब वहां खुदाई की गई तो दोनों साधुओं के शव बरामद हुए।
एक का गला दबाया, दूसरे को चाकुओं से गोदा
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक साधु की गला दबाकर हत्या की गई, जबकि दूसरे साधु के शरीर पर धारदार हथियार से कई वार किए गए। हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने और पहचान छिपाने के लिए दोनों शवों को मंदिर परिसर में ही दफना दिया।
एसएसपी समेत पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मंदिर परिसर को सील कर जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज और हर एंगल से जांच
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है तथा जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।
ग्रामीणों में आक्रोश, जल्द गिरफ्तारी की मांग
सावन के पहले सोमवार शिव मंदिर में हुए इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
