लक्सर,हर्षिता।हरिद्वार। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को लेकर भाजपा के पूर्व विधायक संजय गुप्ता का बयान चर्चा का विषय बन गया है। हरिद्वार में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी का राजनीतिक भविष्य लंबा है और वे आने वाले समय में 5-6 बार उत्तराखंड के मुख्यमंत्री बन सकते हैं।
अपने संबोधन में संजय गुप्ता ने कहा, “अभी तो पुष्कर सिंह धामी जी के दूध के दांत भी नहीं टूटे हैं। उनका राजनीतिक भविष्य बहुत लंबा है। वे 5-6 कार्यकाल तक उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रहेंगे।”
उन्होंने अपने भाषण में बिना किसी का नाम लिए कुछ वरिष्ठ नेताओं पर भी निशाना साधते हुए कहा कि “कुछ बूढ़े षड्यंत्र रचने में लगे हैं, लेकिन उनके मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे।”
पूर्व विधायक का यह बयान अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस पर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, यह संजय गुप्ता का व्यक्तिगत राजनीतिक आकलन है। मुख्यमंत्री के भविष्य को लेकर ऐसा कोई आधिकारिक दावा नहीं किया गया है।
