देहरादून: हर्षिता। 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर उत्तराखंड पुलिस और जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. इस बार दून पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर (एक्सप्रेसवे) को कांवड़ियों की आवाजाही से पूरी तरह मुक्त रखना होगी. जिससे दिल्ली और देहरादून के बीच यातायात निर्बाध बना रहे. इसके लिए उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ संयुक्त रणनीति तैयार की जा रही है.
भगवानपुर बॉर्डर से ही डायवर्ट होंगे कांवड़िये: कांवड़ियों को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी. उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ समन्वय बनाकर भगवानपुर बॉर्डर से ही श्रद्धालुओं को वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा. इससे एक्सप्रेसवे पर सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रभावित नहीं होगी. आपातकालीन सेवाएं भी सुचारु रूप से संचालित हो सकेंगी.
रायवाला-ऋषिकेश-नीलकंठ मार्ग पर विशेष निगरानी: हरिद्वार से ऋषिकेश होते हुए नीलकंठ महादेव मंदिर तक बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए रायवाला,ऋषिकेश और नीलकंठ मार्ग पर विशेष सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था की जाएगी. पुलिस ने पार्किंग,बैरिकेडिंग,ट्रैफिक डाइवर्जन और भीड़ नियंत्रण की योजना तैयार कर ली है. इसी के अनुरूप पुलिस बल की तैनाती भी की जाएगी.
आईडीपीएल क्षेत्र में बनेगी मुख्य पार्किंग: नीलकंठ जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए ऋषिकेश स्थित आईडीपीएल क्षेत्र में मुख्य पार्किंग बनाई जाएगी. यहां वाहन खड़े कराने के बाद श्रद्धालुओं को आगे भेजा जाएगा. प्रशासन ने पार्किंग स्थलों और संपर्क मार्गों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. जिससे यात्रा के दौरान जाम की स्थिति न बने.
मसूरी और एक्सप्रेसवे पर रहेगा प्रतिबंध: एसपी यातायात ने स्पष्ट किया कि कांवड़ियों को न तो दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर चलने की अनुमति होगी और न ही मसूरी की ओर जाने दिया जाएगा. पांवटा साहिब की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को यमुनानगर, सहारनपुर और हरिद्वार मार्ग से डायवर्ट करने की योजना बनाई गई है. जिससे देहरादून शहर में यातायात का दबाव कम किया जा सके.
डाक कांवड़ के दौरान अतिरिक्त सतर्कता: डाक कांवड़ के दौरान पुलिस विशेष ट्रैफिक प्लान लागू करेगी. भगवानपुर और देहरादून की ओर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा. पुलिस का प्रयास रहेगा कि इस दौरान भी एक्सप्रेसवे पूरी तरह खाली रहे. किसी भी स्थिति में श्रद्धालु इस मार्ग पर प्रवेश न कर सकें.
सेक्टरवार ड्यूटी प्लान होगा लागू: कांवड़ मेले के लिए पुलिस जल्द ही विस्तृत ड्यूटी प्लान जारी करेगी. रायवाला, ऋषिकेश और नीलकंठ मार्ग को अलग-अलग सेक्टरों में बांटा जाएगा. प्रत्येक सेक्टर की जिम्मेदारी एसपी, सीओ और संबंधित थाना प्रभारियों को सौंपी जाएगी. अगले दो से तीन दिनों में होने वाली उच्चस्तरीय बैठक में सुरक्षा, ट्रैफिक, पार्किंग, भीड़ प्रबंधन और आपदा प्रबंधन की सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा.
एसपी यातायात जितेंद्र चौहान ने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान पुलिस के दिशा-निर्देशों का पालन करने, निर्धारित मार्गों का उपयोग करने, पहचान पत्र साथ रखने, नशे से दूर रहने और ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का पालन करने की अपील की है. उन्होंने कहा पुलिस और प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित कांवड़ यात्रा उपलब्ध कराना है.
