आगरा/मुरैना, दिव्या टाइम्स इंडिया।: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। शादी के महज पांच दिन बाद एक नवविवाहिता कथित तौर पर अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। घटना उस समय हुई जब पति अपनी पत्नी को रस्मों के लिए उसके मायके छोड़ने जा रहा था। पत्नी के अचानक गायब होने से परिवार में हड़कंप मच गया और दूल्हे के हनीमून के सपने भी टूट गए।
बताया जा रहा है कि मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के महुआ थाना क्षेत्र के रहने वाले युवक की शादी 22 जुलाई को आगरा के पिनाहट क्षेत्र की युवती से हुई थी। शादी के बाद सब कुछ सामान्य चल रहा था। 27 जुलाई को युवक अपनी पत्नी और परिजनों के साथ उसे पहली बार मायके छोड़ने जा रहा था।
मिठाई लेने रुका पति, पत्नी ने कहा- लघुशंका जा रही हूं… फिर नहीं लौटी
रास्ते में नंदगवां तिराहे के पास पति मिठाई खरीदने के लिए रुका। इसी दौरान पत्नी ने लघुशंका जाने की बात कहकर सड़क किनारे चली गई। पति जब मिठाई लेकर लौटा तो पत्नी वहां नहीं थी। काफी देर तक इंतजार और तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला।
स्थानीय लोगों से पूछताछ में चौंकाने वाली जानकारी मिली। लोगों ने बताया कि महिला कुछ देर पैदल चली और फिर एक कार में बैठकर किसी व्यक्ति के साथ वहां से चली गई।
गहने और ₹9 हजार नकद भी साथ ले गई
घटना से परेशान पति सीधे पिनाहट थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। उसने पुलिस को बताया कि पत्नी अपने साथ सोने-चांदी के आभूषण और करीब ₹9 हजार नकद भी ले गई है। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
जांच में सामने आया पुराना राज
पुलिस जांच के दौरान यह जानकारी भी सामने आई कि नवविवाहिता शादी से पहले भी कथित तौर पर हाथरस निवासी एक युवक के साथ घर छोड़कर जा चुकी थी। अब पुलिस उसी एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।
थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेश पाल गिरी के अनुसार, पुलिस सीसीटीवी फुटेज, कार की पहचान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर महिला और उसके साथ गए व्यक्ति की तलाश में जुटी हुई है। साथ ही महिला के मायके पक्ष से भी पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल पुलिस जांच जारी
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है। महिला की तलाश के लिए टीमें सक्रिय हैं और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

By DTI