हरिद्वार | हर्षिता। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने रुड़की के मतलबपुर स्थित “मां भगवती फूड्स” पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना लेबल की 351 वेजिटेबल सॉस की बोतलें सीज कर दीं। निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं मिलने पर करीब 8 क्विंटल सॉस, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹32 हजार बताई गई है, मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
बिना बैच नंबर, एक्सपायरी डेट और FSSAI विवरण के बिक रही थी सॉस
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि बाजार में बिना लेबल की सॉस बिकने की शिकायतों के बाद वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन और पवन कुमार की टीम ने छापेमारी की। जांच में पाया गया कि सॉस की बोतलों पर बैच नंबर, निर्माण तिथि, एक्सपायरी डेट, निर्माता का नाम-पता, FSSAI लाइसेंस नंबर और सामग्री (Ingredients) का विवरण तक अंकित नहीं था।
गंदगी के बीच बन रही थी सॉस
निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री में सॉस का निर्माण बेहद अस्वच्छ परिस्थितियों में होता मिला। मशीनों, फर्श और दीवारों पर गंदगी पाई गई। वहीं जांच के लिए तैयार सॉस के दो नमूने लेकर प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजे गए।
जरूरी दस्तावेज भी नहीं मिले, उत्पादन पर लगी रोक
छापेमारी के दौरान संचालक पानी की जांच रिपोर्ट, कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाण पत्र और फूड-ग्रेड प्लास्टिक बोतलों से संबंधित प्रमाणपत्र जैसे आवश्यक अभिलेख भी प्रस्तुत नहीं कर सके।
इन गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए विभाग ने फैक्ट्री में सॉस एवं अन्य खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है। नोटिस फैक्ट्री के मुख्य द्वार पर चस्पा कर दिया गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की चेतावनी
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों के निर्माण, संग्रहण और वितरण में नियमों का उल्लंघन करने वाली इकाइयों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
