देहरादूनहर्षिता। उत्तराखंड की सरकारी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत के मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले की CBCID से जांच कराने के आदेश जारी कर दिए हैं। सरकार के इस फैसले के बाद अब पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच होगी।
जानकारी के अनुसार, देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मामले की गहन एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि घटना से जुड़े प्रत्येक पहलू की गंभीरता से जांच होनी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
गौरतलब है कि देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सिंगोली, विकासखंड कीर्तिनगर निवासी सरकारी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की 29 जुलाई को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इस मामले में मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास और ननद के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
मामले की संवेदनशीलता और जनहित को देखते हुए मुख्यमंत्री के निर्देश पर अब इसकी जांच CBCID को सौंप दी गई है। उम्मीद की जा रही है कि उच्च स्तरीय जांच से घटना की वास्तविक परिस्थितियां सामने आएंगी और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

By DTI