हरिद्वार, 02 अगस्त 2026, हर्षिता ।कांवड़ मेला-2026 के दौरान हरिद्वार में सेवा, श्रद्धा और सम्मान का अनूठा दृश्य देखने को मिला। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने शंकराचार्य चौक पहुंचकर हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहे शिवभक्त कांवड़ियों का फूल-मालाओं और पुष्प वर्षा के साथ भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर दोनों अधिकारियों ने शिवभक्तों को फल एवं जूस वितरित करते हुए उनकी सुखद, सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की कामना की। उन्होंने कांवड़ियों से संवाद कर उनकी कुशलक्षेम जानी और प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी भी ली।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता और सेवाभाव के साथ कार्य कर रहा है, ताकि प्रत्येक शिवभक्त को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और यात्रा बिना किसी परेशानी के पूरी हो।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने शिवभक्तों से यातायात नियमों का पालन करने, स्वच्छता बनाए रखने और प्रशासन एवं पुलिस के दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने की अपील की। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कांवड़ मार्ग पर पेयजल, चिकित्सा, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं लगातार सुचारु रूप से उपलब्ध कराई जाएं।
शिवभक्तों ने जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत एवं बेहतर व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। कांवड़ मेला-2026 में प्रशासन की सेवाभावपूर्ण पहल श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

By DTI