हरिद्वार | 4 अगस्त, हर्षिता। देवभूमि उत्तराखंड ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में कांवड़ यात्रा के दौरान देशभर से आए शिवभक्त कांवड़ियों का भव्य स्वागत किया। हरकी पैड़ी से कांवड़ मार्ग तक हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई, जबकि अलकनंदा होटल परिसर में मुख्यमंत्री ने पांच शिवभक्तों का चरण प्रक्षालन कर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर का शुभारंभ कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर अपने हाथों से भोजन परोसा।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, सेवा, अनुशासन और सामाजिक समरसता का महापर्व है। इस वर्ष अब तक एक करोड़ से अधिक शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यात्रा की सुरक्षा के लिए CCTV, ड्रोन निगरानी, एंबुलेंस, स्वास्थ्य शिविर और आपातकालीन सहायता जैसी व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।
कार्यक्रम के दौरान कांवड़ यात्रा को सफल बनाने में योगदान देने वाले 5 पुलिसकर्मियों और 5 पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मान उन सभी कर्मयोगियों के प्रति राज्य की कृतज्ञता का प्रतीक है, जो यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने में दिन-रात जुटे हैं।

By DTI