हरिद्वार |हर्षिता। कांवड़ मेला समाप्त होते ही कुंभ मेला-2027 की सभी अवस्थापना परियोजनाओं पर युद्धस्तर पर काम शुरू होगा। मेलाधिकारी सोनिका ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी निर्माण कार्य तय समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि कांवड़ मेला समाप्त होते ही सभी परियोजना स्थलों पर पूरी क्षमता के साथ कार्य शुरू किया जाए। निर्माण कार्यों की थर्ड पार्टी गुणवत्ता जांच भी अनिवार्य होगी।
कुंभ क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनाए जा रहे 5 नए पुलों की गुणवत्ता का परीक्षण आईआईटी रुड़की से कराया जाएगा। इसके अलावा स्टील स्ट्रक्चर का नियमित निरीक्षण और तकनीकी निगरानी भी सुनिश्चित की जाएगी।
मेलाधिकारी ने बस अड्डों, पार्किंग, प्रमुख चौराहों, फुटपाथ, पैदल मार्ग, फसाड लाइटिंग और शहर के सौंदर्यीकरण से जुड़ी परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। वर्षाकाल के बाद कुंभ शिविरों के लिए चिन्हित भूमि की सफाई और समतलीकरण कार्य भी तत्काल शुरू होगा।
उन्होंने सड़कों, पुलों और घाटों के साथ व्यापक पौधारोपण, अतिक्रमण हटाने और जलभराव की समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। स्पष्ट किया गया कि अतिक्रमण नहीं हटाने पर संबंधित कार्यदायी संस्था का भुगतान रोका जाएगा

By DTI