देहरादून |हर्षिता ।उत्तराखंड में मानसून का कहर लगातार जारी है। पिछले एक सप्ताह से हो रही मूसलाधार बारिश ने पहाड़ से लेकर मैदान तक जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। जगह-जगह भूस्खलन, सड़कें ध्वस्त होने और नदियों-गधेरों के उफान से कई क्षेत्रों का संपर्क टूट गया है।
मौसम विभाग ने देहरादून और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट, जबकि टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और ऊधम सिंह नगर में येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 10 अगस्त तक प्रदेश में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी जिलों के अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने और राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आपदा प्रबंधन विभाग से प्रदेशभर की स्थिति की समीक्षा भी की।
चमोली जिले में बारिश ने सबसे ज्यादा असर डाला है। कर्णप्रयाग-नैनीसैंण मोटर मार्ग का हिस्सा वॉशआउट हो गया है, जबकि धारडुंग्री-मैखुरा-सोनला स्टेट हाईवे पिछले दो सप्ताह से बंद है। लगातार गिर रहे मलबे और बोल्डरों के कारण सड़क खोलने का काम भी प्रभावित हो रहा है।

By DTI