हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी की रहने वाली रेणु धारियाल इन दिनों चर्चाओं में हैं. रेणु धारियाल को ‘दुनिया के सबसे लंबे बालों वाली महिला’ का खिताब मिला है. रेणु धारियाल के बाल 8 फीट 10 इंच लंबे हैं. इसके लिए रेणु धारियाल ने कई सालों मेहनत की है.
रेणु धारियाल अब दुनिया में अपने बालों के लिए पहचानी जाएंगी. रेणु ने 8 फीट 10 इंच यानी 271.50 सेंटीमीटर लंबे बालों के साथ जीवित महिला के सबसे लंबे बालों का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया है. रेणु ने यूक्रेन की आलिया नासिरोवा का रिकॉर्ड पीछे छोड़ा है. आलिया के बालों की लंबाई 257.33 सेंटीमीटर दर्ज की गई थी. रेणु के बालों की लंबाई दुनिया के अब तक के सबसे लंबे व्यक्ति रॉबर्ट वाडलो की 272 सेंटीमीटर लंबाई से भी महज कुछ सेंटीमीटर कम है. इस रिकॉर्ड के पीछे सिर्फ लंबे बाल नहीं, बल्कि करीब एक दशक का धैर्य और देखभाल है.
रेणु धारियाल ने 2015 से अपने बाल कटवाना बंद कर दिया. भारतीय संस्कृति में लंबे बालों को सुंदरता और परंपरा से जोड़कर देखने की सोच ने भी उन्हें बाल लंबे करने के लिए प्रेरित किया. इतने लंबे बालों को संभालना अपने आप में किसी चुनौती से कम नहीं है. रेणु अपने बालों को जमीन से दूर रखने के लिए उन्हें एक खास और जटिल चोटी में बांधकर रखती हैं.बालों को धोने और सुलझाने में उन्हें घंटों का समय लग जाता है. रेणु के बालों की खासियत सिर्फ उनकी लंबाई नहीं, बल्कि उनकी देखभाल का तरीका भी है.
रेणु के मुताबिक उनका हेयर केयर रूटीन पूरी तरह प्राकृतिक है. वह रासायनिक उत्पादों से दूरी रखती हैं. घरेलू तरीके से तैयार किए गए हेयर ऑयल और शैंपू का इस्तेमाल करती हैं. रेणु खुद एक कंटेंट क्रिएटर और यूट्यूबर भी हैं. अपने बालों की देखभाल से जुड़े टिप्स दूसरी महिलाओं के साथ साझा करती हैं. यानी उत्तराखंड के हल्द्वानी की रेणु के बालों ने सिर्फ लंबाई का रिकॉर्ड नहीं बनाया, बल्कि उनके वर्षों के जुनून, धैर्य और प्राकृतिक देखभाल की कहानी को भी दुनिया तक पहुंचाया है.
आज की इस भागदौड़ भरी जिंदगी में हर किसी के जीवन में तनाव है. तनाव का असर शरीर पर भी पड़ता है. इसके कारण एंग्जाइटी, अनिद्रा, हाई ब्लड प्रेशर, हार्ट अटैक, गैस, एसिडिटी, माइग्रेन, हेयरफॉल जैसी बीमारियां होने लगती हैं. रेणु धारियाल के बाल उनकी स्वस्थ सेहत का भी राज हैं. सालों से वे बालों के सहेजने के लिए रासायनिक उत्पादों से दूर हैं. जिसका फायदा उन्हें स्वस्थ स्वास्थ्य के रूप में मिला है.
रेणु धारियाल सोशल मीडिया पर भी एक्टिव हैं. वे लोगों से साथ अपने अनुभवों को भी साझा करती हैं. जिसमें वे लाइफस्टाइल, हेयर टिप्स शेयर करती हैं. साथ ही वे आयुर्वेद के नुस्खों से भी रूबरू करवाती है.
