रुड़की/रुद्रपुर, हर्षिता । : रुड़की में नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. इस हादसे में दो कांवड़ियों की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि हादसा बुलेट और बाइक की टक्कर के कारण हुआ है. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं, दूसरी और इसी स्थान पर एक कार और स्कूटी की टक्कर लगने से स्कूटी सवार घायल हो गया, जिसे क्वाड्रॉ अस्पताल भिजवाया गया है. घायल की स्थिति सामान्य बताई जा रही है.
पुलिस के मुताबिक, रुड़की सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर स्थित रिमझिम ढाबे के पास रविवार को बुलेट और बाइक की टक्कर हो गई. दोनों वाहनों पर कांवड़िए सवार थे. टक्कर इतनी भयंकर थी कि दोनों कांवड़ियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही सिविल लाइन कोतवाली पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया. पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया. दोनों कांवड़ यात्रा के सिलसिले में निकले थे.
हादसे में मौत-
- संदीप मलिक पुत्र महिपाल सिंह (उम्र 35 वर्ष), निवासी- किवाना, कांधला, जिला शामली (उत्तर प्रदेश)
- विपिन पुत्र राजपाल (उम्र 40 वर्ष), निवासी- किवाना, कांधला, जिला शामली (उत्तर प्रदेश)
वहीं, पुलिस ने हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी है. मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि नेशनल हाईवे पर दोनों दोपहिया वाहनों की भिड़ंत के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गईय आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को संभाला और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया गया.
उसी जगह पर कार और स्कूटी की भी टक्कर: उधर, दूसरी ओर इसी स्थान पर एक कार और स्कूटी की टक्कर हुई है. इस हादसे में स्कूटी सवार घायल हुआ है. पुलिस ने घायल को उपचार के लिए क्वाड्रॉ अस्पताल भेजा है. जहां पर उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है. पुलिस ने कांवड़ियों से लेकर आम लोगों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है.
पुलिस को सूचना मिली थी कि रिमझिम ढाबे के पास बुलेट और बाइक की टक्कर में दो कांवड़ियों की मौत हुई है. मौके पर पहुंचकर पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. हादसे में क्षतिग्रस्त हुए वाहनों को कोतवाली लाया गया है. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.“- धर्मेंद्र राठी, एसएसआई, सिविल लाइन कोतवाली
रुद्रपुर में अलग-अलग घटनाओं में 3 लोगों की मौत: रुद्रपुर में अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत से सनसनी फैल गई. पंतनगर क्षेत्र में 58 वर्षीय व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई. प्रथम दृष्टया डॉक्टरों ने हार्ट अटैक की आशंका जताई है. वहीं, शांति विहार कॉलोनी में 48 वर्षीय व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली. इसके अलावा रानी रोड के किनारे करीब 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ. पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे.
पहला मामला पंतनगर क्षेत्र के मातकोटा, जवाहर नगर का है. यहां रहने वाले 58 वर्षीय सुधीर सहाय पुत्र स्व महावीर सहाय की देर रात करीब तीन बजे अचानक तबीयत खराब हो गई. परिजन उन्हें तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. डॉक्टरों ने उनकी हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया. इसके बाद परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. मृतक के बेटे सुभाष सक्सेना ने बताया कि डॉक्टरों ने प्रथम दृष्टया हार्ट अटैक की आशंका जताई है.
दूसरा मामला रुद्रपुर की शांति विहार कॉलोनी का है. यहां किराये के मकान में रहने वाले 48 वर्षीय भगवत सिंह राणा पुत्र स्वर्गीय लक्ष्मण सिंह राणा ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. वो मूल रूप से जूना द्वारस, रानीखेत के रहने वाले बताए गए हैं. जो सिडकुल की एक कंपनी में काम करते थे. परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं, जिनमें एक की उम्र करीब 15 वर्ष और दूसरी की 10 वर्ष बताई गई है. भांजे पंकज कुमार ने घटना की जानकारी पुलिस को दी.मौके पर पहुंची पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है.
तीसरा मामला रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र की रानी रोड का है. यहां देर शाम सड़क किनारे करीब 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतक की पहचान के लिए आसपास के थाने और चौकियों को सूचना दी गई है. साथ ही शव की फोटो भी प्रसारित कराई गई है.
“तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. सुधीर सहाय की प्रथम दृष्टया मौत हार्ट अटैक से होने की आशंका है. जबकि भगवत सिंह राणा के आत्महत्या मामले में सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. वहीं, अज्ञात शव की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.“- उत्तम सिंह नेगी, एसपी सिटी
